रामलला की शरण में सवा घंटे तक रहे केजरीवाल, राममंदिर की खूब की तारीफ

दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने सोमवार को अयोध्या में रामलला का दर्शन किया। केजरीवाल पंजाब के सीएम भगवंत मान भी थे। दोनों नेता पत्नी और परिवार के सदस्यों को लेकर पहुंचे थे। केजरीवाल और मान परिवार के साथ राम मंदिर में करीब सवा घंटे तक रहे। बाद में मीडिया से बातचीत करते हुए केजरीवाल ने राममंदिर की भव्यता की तारीफ भी की। केजरीवाल ने मीडिया से बातचीत में कहा, ‘मैं अपने परिवार के साथ भगवंत मान जी अपने परिवार के साथ अयोध्या में रामलला जी के दर्शन के लिए आए। मेरे साथ मेरी पत्नी और माता-पिता, भगवंत मान जी के साथ उनकी पत्नी और माता जी। हम लोगों को आज दर्शन का सौभाग्य मिला। रामलला जी के दर्शन करके एक असीम शांति का अनुभव हुआ, बहुत अच्छा लगा। उसका वर्णन नहीं किया जा सकता है।’ दिल्ली के मुख्यमंत्री ने रामंदिर को भव्य और बहुत सुंदर बताते हुए इसे देश के लिए गर्व की बात बताया। उन्होंने कहा, ‘पूरे देश के लिए, पूरे समाज के लिए, पूरे विश्व के लिए सौभाग्य की बात है कि इतना भव्य और अच्छा, सुंदर मंदिर बनकर तैयार हुआ है। हर दिन लाखों लोग दर्शन के लिए आ रहे हैं। उनकी आस्था देखकर दिल गदगद हो जाता है। मैंने भगवान से मैंने प्रार्थना की सबकी सुख शांति के लिए, स्वास्थ्य के लिए और भारत देश बहुत तरक्की करे।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *