फिल्लौर (जालंधर), लोगों को किफायती आवासीय सुविधाएं प्रदान करने के लिए सांसद सुशील कुमार रिंकू ने शनिवार को फिल्लौर विधानसभा हलके के 223 लाभपात्रियों को चार करोड़ रुपये से ज्यादा के मंजूरी पत्र प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत वितरित किए।
वरिष्ठ नेता प्रिंसिपल प्रेम कुमार के साथ ये मंजूरी पत्र वितरित करते हुए सांसद ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार राज्य के लोगों को सस्ती आवास सुविधाएं प्रदान करने के लिए वचनबद्ध है। उन्होंने कहा कि इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए राज्य सरकार द्वारा पहले ही कई आवास परियोजनाएं शुरू की जा चुकी है। इसके अलावा योग्य लाभार्थियों को उनके घर बनाने में मदद करने के लिए वित्तीय सहायता भी प्रदान की जा रही है।
श्री रिंकू ने कहा कि शनिवार को कार्यक्रम के दौरान योग्य लाभार्थियों को चार करोड़ रुपये से अधिक की राशि के 223 स्वीकृति पत्र सौंपे गए है। उन्होंने बताया कि फिल्लौर नगर परिषद के अंतर्गत आने वाले क्षेत्र में रहने वाले योग्य लाभपात्रियों के बीच कुल 166 मंजूरी पत्र बांटे गए, जबकि नगर परिषद गोरायां के निवासियों को 57 पत्र दिए गए। उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत अन्य अर्जियों पर भी कार्यवाही की जा रही है और आने वाले दिनों में अन्य लाभार्थियों को मंजूरी पत्र जारी किए जाएंगे।
सांसद ने आगे कहा कि पंजाब सरकार ने राज्य में लोगों को शीर्ष स्तर की नागरिक सेवाएं प्रदान करने के लिए कई तरह के कार्यक्रम शुरू किए हैं और ‘सरकार आपके द्वार’ ऐसे कदमों में से एक है जिसका उद्देश्य लोगों को उनके घर के नजदीक ही सरकारी सेवाएं प्रदान करना है। इस योजना के तहत विभिन्न विभागों की तरफ से जिला, उपमंडल और तहसील स्तर पर कैंप लगा लगाकर लोगों सरकारी सेवाओं का मौके पर ही लाभ उठा प्रदान किया जा रहा है।उन्होंने कहा कि सरकार लोगों के बीच जन-हितैषी निर्णय लेने के लिए विभिन्न जिलों में पंजाब कैबिनेट की बैठकें भी कर रही है। इस मौके पर इंप्रूवमेंट ट्रस्ट करतारपुर के चेयरमैन सुभाष शर्मा, जसबीर सिंह, रोहित डालिया और फिल्लौर और गोराया एमसी के अधिकारी मौजूद थे।