देहरादू, उत्तराखंड में शुक्रवार देर रात से लगातार बारिश हो रही है. नदियां ऊफान पर आ गई हैं. कई जगह बादल फटने की घटनाएं सामने आई हैं. लैंडस्लाइट के कारण कई नेशनल हाईवे का एक हिस्सा समेत कई सड़कें बह गई हैं. वहीं पिथौरागढ़ जिले के बंगापानी में बारिश के चलते नाले ऊफान पर आ गया, जिससे तेज बहाव के कारण डेढ़ सौ मीटर सड़क बह गई है. यह सड़क बंगापानी से जाराजीबली को जोड़ती है. ग्रामीणों ने बादल फटने के चलते भीषण बारिश की आशंका जताई है. मौसम विभाग ने शुक्रवार को उत्तराखंड के सात जिलों के लिए 24 घंटे के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया हुआ है. अनुमान है कि हरिद्वार, उत्तरकाशी, टिहरी, पौड़ी, देहरादून, पिथौरागढ़, बागेश्वर, चंपावत में शनिवार दोपहर तक भारी बारिश हो सकती है. उत्तरकाशी में भारी वर्षा के कारण बिजली आपूर्ति ठप हो गई है. बड़कोट के पास राजतर गंगनानी क्षेत्र में बारिश से बहुत नुकसान होने का अनुमान लगाया जा रहा है. मार्ग बंद हो जाने के कारण अभी इसका आंकलन नहीं किया जा सका है. जानकारी के मुताबिक भारी बरसात के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. स्थानीय लोग यह मंजर देखकर सहमे हुए हैं.