जालंधर, (संजय शर्मा)-लोकसभा सदस्य सुशील कुमार रिंकू और अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (ज) मेजर अमित महाजन ने सतगुरु स्वामी ज्ञान गिरीजी महाराज के 15 जून को मनाए जा रहे प्रकाश उत्सव, 14 जून को निकाली जाने वाली शोभा यात्रा और 13 जून को जागो की तैयारियों और प्रबंधो की समीक्षा के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की गई।
यहां जिला प्रशासकीय परिसर में बैठक के दौरान लोकसभा सदस्य व अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार समारोह मनाने और उचित ढंग से संचालित करने की जिम्मेदारी सौंपते हुए विस्तृत निर्देश दिए।
लोकसभा सदस्य और अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर ने पुलिस अधिकारियों को आयोजनों के दौरान उचित सुरक्षा व्यवस्था के साथ लोगों की सुविधा के लिए रूट प्लान तैयार करने को कहा। इसके साथ ही महिला पुलिस की तैनाती के इलावा पर्याप्त पार्किंग और सुचारू यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।पी.एस.पी.सी.एल. उन्होंने अधिकारियों को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि जागो और शोभा यात्रा के मार्ग में यदि बिजली के तार लटके हुए है तो उन्हें तत्काल हटाया जाए। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को एंबुलेंस, दवाइयां और मैडीकल टीम की तैनाती के प्रबंध करने को कहा गया है। इसके इलावा जागो और शोभा यात्रा के मार्ग में साफ-सफाई, पेयजल की व्यवस्था, अस्थाई शौचालय, फायर ब्रिगेड सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर ने जिला प्रशासन द्वारा आयोजनों की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का आश्वासन देते हुए कहा कि इस संबंध में विभिन्न अधिकारियों को ड्यूटी सौंपी गई है और प्रबंधो के मामले में कोई कमी नहीं होने दी जाएगी। इस मौके पर उन्होंने शोभा यात्रा में लंगर लगाते समय साफ-सफाई सुनिश्चित करने की भी अपील की।इस अवसर पर एसडीएम बलबीर राज सिंह, सहायक सिविल सर्जन वरिंदर कौर थिंद, विभिन्न विभागों के अधिकारी और मुख्य मंदिर समिति, शोभा यात्रा समिति और जागो समिति के प्रतिनिधि भी उपस्थित थे।