पंजाब में पिछले एक साल से शिरोमणि अकाली दल पार्टी राज्य में पिछड़ती हुई नज़र आ रही है. चाहे वो 2022 के विधानसभा चुनाव हो, संगरूर उपचुनाव हो या जालंधर लोकसभा उपचुनाव हो, अकाली दल को लगातार हार का सामना करना पड़ रहा है. ऐसे में शिरोमणि अकाली दल के प्रधान सुखबीर सिंह बादल द्वारा उन सभी नेताओं से अपील की गई जो पार्टी छोड़ चुके हैं. मीडिया को संबोधित करते हुए सुखबीर सिंह बादल ने कहा, “मैं उन सभी नेताओं से अपील करता हूं जिन्होंने पिछले कुछ वर्षों में अकाली दल को छोड़ दिया है और पार्टी में फिर से शामिल हों. अगर मुझसे कोई गलती हुई है तो मैं उनसे माफी मांगता हूं.”
इस दौरान सुखबीर सिंह बादल ने एसजीपीसी के मेंबर पायल से हरपाल सिंह जल्ला और अंबाला से अमरीक सिंह जनैतपुर का पार्टी में स्वागत किया और यह भी कहा कि आने वाले कुछ दिनों में एसजीपीसी के 10 से 15 सदस्य फिर अकाली दल में शामिल होने जा रहे हैं. पिछले 2 सालों में कई नेता शिरोमणि अकाली दल पार्टी को छोड़ कर अन्य पार्टियों में शामिल हो गए हैं और इतना ही नहीं पार्टी में बादल परिवार के एकाधिकार को लेकर सवाल भी उठ रहे थे. ऐसे में पार्टी में लीडरशिप की बदलाव की मांग को लेकर बगावत के सुर तेज हो गए और इसी कारण कई नेताओं ने पार्टी छोड़ दी.