शाहकोट (जालंधर), पंजाब सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार जिला प्रशासन ने आम लोगों की विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों को सुनने और उनके तुरंत निपटारे के लिए गांव मियांवाल अराईया सब डिवीजन शाहकोट में शिकायत निवारण कैंप का आयोजन किया, जिसमें विभिन्न विभागों ने भाग लिया।इस अवसर पर उप मंडल मैजिस्ट्रेट ऋषभ बांसल ने कहा कि इन कैंपो का उद्देश्य लोगों के घरों तक जाकर उनकी समस्याओं का समाधान करना है। उन्होंने कहा कि गांव मियांवाल अराईया और उसके आस-पास के गांवों मियांवाल मौलवियां, इनोवाल, मुलेवाल खेहरा, मुलेवाल अराईया और जानीया आदि गांव के लोगों की समस्याओं का पता लगाने और उनके हल के लिए लगाए गए इस कैंप में विकास कार्यों से संबंधित समस्याओं को भी सुना गया। उन्होंने कहा कि इन कैंपो का उदेश्य प्रशासन द्वारा यह सुनिश्चित करना है कि जमीनी स्तर पर लोगों के काम में अनावश्यक देरी न हो। उन्होंने आश्वासन दिया कि कैंप के दौरान प्राप्त शिकायतों का तुरंत निपटारा सुनिश्चित किया जाएगा और आवेदकों को राहत प्रदान की जाएगी।कैंप के दौरान श्रम, सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, पावरकॉम विभागों द्वारा अपने विभागों से संबंधित योजनाओं का लाभ भी लोगों को प्रदान किया गया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं ग्रामीण उपस्थित थे।