अरब सागर में पनपा चक्रवाती तूफान तेजी से आगे बढ़ रहा है और बहुत गंभीर होने की दिशा में रफ्तार पकड़ रहा है. आईएमडी के मुताबिक, अगले तीन दिनों के दौरान ये उत्तर की ओर बढ़ेगा. आज, 08 जून को सुबह साढ़े पांच बजे चक्रवात बिपरजॉय पूर्व-मध्य अरब सागर के ऊपर लगभग 13.9N और 66.0E पर केंद्रित है और गोवा से लगभग 860 किमी पश्चिम-दक्षिण पश्चिम व मुंबई से 910 किमी दक्षिण-पश्चिम में स्थित है और ये उत्तर-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ते हुए तेज होगा.
अरब सागर में साल 2023 के पहला प्री मॉनसून तूफान का असर देश के मॉनसून पर भी देखने को मिल रहा है. निजी मौसम पूर्वानुमान एजेंसी, स्काईमेट के अनुसार, भारत में मॉनसून की धीमी शुरुआत हो सकती है. स्काईमेट ने यह भी कहा कि “अरब सागर में शक्तिशाली मौसम प्रणाली” मॉनसून के पश्चिमी घाट पर पहुंचने में असर डाल सकता है. मौसम की यहां प्रणालियां मॉनसून को प्रभावित कर सकती हैं. बता दें कि स्काईमेट ने पहले भविष्यवाणी की थी कि मॉनसून 7 जून को केरल में पहुंच सकता है. हालांकि, आईएमडी ने आज यानी 8 जून को मॉनसून के केरल पहुंचने का ऐलान किया है.