प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार (30 अप्रैल) को मन की बात कार्यक्रम के 100वें एपिसोड के जरिए देशवासियों को संबोधित किया. रेडियो के जरिए देशवासियों से जुड़ने के प्रधानमंत्री के 100 सफल प्रयास की न सिर्फ देश में, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी चर्चा हो रही है. इसे लेकर एबीपी न्यूज के कार्यक्रम में भी चर्चा हुई जिसमें लेकर बीजेपी के प्रवक्ता अजय आलोक और तौसीफ खान एक दूसरे से भिड़ गए. एबीपी न्यूज पर पीएम मोदी के मन की बात के 100वें एपिसोड पर चर्चा के दौरान राजनीतिक विश्लेषक तौसीफ खान ने पीएम मोदी के मन की बात कार्यक्रम की तारीफ करते हुए कहा कि जब पीएम मोदी पद पर न रहें तो भी ये कार्यक्रम बंद नहीं होना चाहिए. उनके बाद जो भी प्रधानमंत्री के पद पर आए, उन्हें इस कार्यक्रम को जारी रखना चाहिए.
तौसीफ खान की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए बीजेपी प्रवक्ता अजय आलोक ने कहा कि पहली बार इस देश में ऐसा हुआ है कि देश के प्रथम व्यक्ति ने राजनीति से परे हटकर मन की बात कार्यक्रम शुरू किया, ताकि वह देश के लोगों से जुड़ सकें. उन्होंने कहा कि ये संभव नहीं है कि मोदी चले जाएं और कोई दूसरा आकर ये कार्यक्रम करने लगे. ऐसे ही कोई मोदी नहीं बन जाता.