जयपुर, राजस्थान को वंदे भारत ट्रेन की सौगात मिल गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को यह अजमेर-दिल्ली कैंट वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई। पीएम मोदी दिल्ली से वर्चुअली कार्यक्रम में जुड़े तो मुख्यमंत्री अशोक गहलोत रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव के साथ जयपुर स्टेशन पर मौजूद रहे। वंदे भारत ट्रेन राजस्थान को देने के लिए गहलोत ने पीएम मोदी का आभार जताया। हालांकि, इस दौरान वह ट्रेन का सही नाम भूल गए और इसे ‘वंदे मातरम एक्सप्रेस’ बताया। अशोक गहलोत ने कहा कि राजस्थान को आजादी के बाद पहली बार रेलमंत्री मिला है। उन्होंने उम्मीद जाहिर कि कि वह राजस्थान में रेलवे का अधिक विकास करेंगे। पीएम मोदी का स्वागत करते हुए गहलोत ने कहा, ‘ सबसे पहले मैं अपनी ओर से, सबकी ओर से और पूरे प्रदेश की ओर से प्रधानमंत्री जी का हार्दिक स्वागत करता हूं। उनका आभार व्यक्त करते हैं कि आपने ‘वंदे मातरम एक्सप्रेस’ जिसका अपना महत्व है वह प्रदेश को दिया है।’ उन्होंने राजस्थान में रेलवे नेटवर्क के और विकास की मांग की।गहलोत ने कहा कि मेरे पास कुछ सुझाव हैं, राजस्थान की भौगोलिक स्थिति देखते हुए रेलवे का नेटवर्क अधिक से अधिक हों। PM से और हमारे रेल मंत्री अश्विनी जी से कहूंगा कि राजस्थान में अधिक से अधिक काम हो आप इस पर ध्यान दें। गहलोत ने कहा कि तीन जिले बांसवाड़ा, टोंक और करौली जिला मुख्यालय होते हुए भी रेलवे कनेक्टिविटी से वंचित हैं।