26 साल बाद फिर Yezdi की भारत में वापसी, 3 नए मॉडल्स बाजार में उतारे

NEW DELHI : आइकॉनिक दोपहिया वाहन निर्माता कंपनी Yezdi (येजदी) की भारतीय बाजार में वापसी हो गई है। Classic Legends ने आधिकारिक तौर पर तीन नई मोटरसाइकिलों को लॉन्च करके भारत में Yezdi ब्रांड को फिर से पेश किया है। कंपनी की तीन नई मोटरसाइकिलें – Yezdi Adventure (येजदी एडवेंचर), Yezdi Scrambler (येजदी स्क्रैम्बलर) और Yezdi Roadster (येजदी रोडस्टर) हैं। सबसे दिलचस्प खबर यह है कि तीनों बाइक्स के नाम उन मोटरसाइकिलों के वर्ग का प्रतिनिधित्व करते हैं जिनसे वे संबंधित हैं। इनका मकसद रेगुलर आवाजाही की तलाश करने वाले ग्राहकों के साथ-साथ ऑफ-बीट सड़कों पर चलने के इच्छुक लोगों को लुभाना है।
Yezdi ने गुरुवार से तीनों मोटरसाइकिलों के लिए बुकिंग शुरू कर दी है और बाइक्स पूरे भारत में डीलरशिप तक पहुंचनी शुरू हो गई हैं। Yezdi ने कहा कि वह जावा के साथ उन्हीं शोरूम को साझा करेगी। खास बात यह है कि इन्हें इसके लिए Jawa Yezdi शोरूम के रूप में फिर से तैयार किया गया है। कंपनी बाइक्स को बेचने के लिए 300 जावा डीलरशिप का इस्तेमाल करेगी। Yezdi, क्लासिक लीजेंड्स द्वारा भारतीय बाजार के लिए पुनर्जीवित किया गया तीसरा ब्रांड है। Classic Legends महिंद्रा ग्रुप के स्वामित्व वाली कंपनी है। इससे पहले इसने Jawa (जावा) और BSA Motorcycles (बीएसए मोटरसाइकिल्स) जैसे ब्रांडों को पुनर्जीवित किया है। इन तीन मोटरसाइकिलों के साथ Yezdi ने 26 साल के बाद भारतीय बाजार में वापसी की है। साल 1961 में भारत में पहली बार लॉन्च किया गया, यह ब्रांड Roadking (रोडकिंग), Monarch (मोनार्क) और Delux (डीलक्स) मॉडल्स के साथ लोकप्रिय हो गया। हालांकि, दोपहिया निर्माता ने साल 1996 में अपनी बाइक का उत्पादन बंद कर दिया था।
Yezdi Roadster की कीमत 1.98 लाख रुपये से 2.06 लाख रुपये के बीच है। वहीं Yezdi Scrambler की कीमत 2.05 लाख रुपये से 2.11 लाख रुपये के बीच है। जबकि Yezdi Adventure की कीमत 2.10 लाख रुपये से 2.19 लाख रुपये के बीच रखी गई है। ये सभी कीमतें एक्स-शोरूम, दिल्ली की हैं। Yezdi Roadster, Scrambler और Adventure मोटरसाइकिलें भारत में Royal Enfield (रॉयल एनफील्ड), KTM (केटीएम) और Honda (होंडा) जैसी बाइक्स को टक्कर देगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *