CHANDIGARH : पंजाब विधानसभा चुनाव में सीएम चेहरे के लिए आज दिल्ली के मुख्यमंत्री एवं आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने एक फोन नंबर जारी किया। इस फोन नंबर पर 17 जनवरी तक लोगों को राय देनी होगी। AAP ने 70748 70748 नंबर जारी किया है। इस नंबर पर कॉल करने के बाद पूछा जाता है कि आम आदमी पार्टी का मुख्यमंत्री का चेहरा कौन होना चाहिए। बीप की आवाज के बाद जिसे भी AAP के मुख्यमंत्री के चेहरे के तौर पर देखना चाहते हैं उसका नाम बताना होगा। इस नंबर पर की जाने वाली हर कॉल को आम आदमी पार्टी रिकॉर्ड कर रही है। अरविंद केजरीवाल ने कहा, ‘जनता का पसंदीदा ही सीएम चेहरा बनेगा। पंजाब के लिए अच्छे सीएम की तलाश है। पंजाब की तरक्की के लिए लोग साथ आएं। पंजाब के लोगों की पसंद से सीएम बनेंगे।
सीएम चेहरा किसे बनाएंगे, यह फैसला अब 3 करोड़ पंजाबियों पर छोड़ देना चाहिए। अरविंद केजरीवाल टक्कर में नहीं है। मैं इस रेस से बाहर हूं।’ अरविंद केजरीवाल ने कहा कि सभी सर्वे में आम आदमी पार्टी सबसे पार्टी बनकर उभर रही है। किसी में 57 तो किसी सर्वे में 58 सीट मिल रही है जबकि किसी में 60 सीटें दिखा रहे हैं। ऐसा लग रहा है कि बस मंजिल पर पहुंच ही गए हैं। बस एक या दो सीट का मसला है। ऐसे में एक तो मैं अपने सारे वालंटियरों से कहना चाहता हूं कि वे आखिरी धक्का मार दें, बस सरकार बन जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने लोगों से अपील की है कि वह वोटिंग वाले दिन जमकर मतदान करें। 60 सीटें नहीं बल्कि 80 सीटें चाहिए। ऐसे में सारे वोटर भी जमकर मेहनत करो व प्रचार करो।