आखिरी टेस्ट मैच के दूसरे दिन मात्र 62 रन पर न्यूज़ीलैंड ने घुटने टेक , भारत की बढ़त 300 के पार

MUMBAI : विश्व टेस्ट चैंपियन न्यूज़ीलैंड की टीम अपने बाएं हाथ के स्पिनर एजाज पटेल के भारतीय पारी में सभी दस विकेट लेने के शानदार प्रदर्शन से प्रेरणा नहीं ले पायी और उसके बल्लेबाजों ने भारतीय गेंदबाजों के सामने यहां दूसरे और आखिरी टेस्ट मैच के दूसरे दिन शनिवार को मात्र 62 रन पर घुटने तक दिए। भारत को पहली पारी में 325 रन पर ऑलआउट करने के बाद बल्लेबाजी करने आई न्यूजीलैंड की टीम आज एक सत्र भी नहीं खेल पाई। भारतीय गेंदबाजों ने 28.1 ओवरों में 62 रन पर पूरी टीम को पवेलियन भेज दिया। भारत को 263 रनों की विशाल बढ़त मिली लेकिन उसने मेहमान टीम से फॉलोआन नहीं कराया और दूसरी पारी में खेलने का फैसला किया।
इशांत शर्मा की जगह टीम में आए तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने न्यूजीलैंड को शुरुआती झटके दिए। पहले मैच में अच्छा प्रदर्शन करने वाले और इस मैच में कप्तानी कर रहे टॉम लेथम और विल यंग को सिराज ने सस्ते में निपटा दिया। लेथम 10 और यंग चार बना कर आउट हुए। न्यूजीलैंड के पहले दो विकेट क्रमश: 10 और 15 के स्कोर पर गिरे। सिराज ने इसके बाद फॉर्म से जूझ रहे रॉस टेलर को अपना शिकार बनाया। सिराज ने टेलर को एक रन पर बोल्ड कर दिया। 17 रन पर तीन विकेट गिरने के बाद दबाव में आई न्यूजीलैंड टीम फिर संभल ही नहीं पाई। इसके बाद उसके विकेट लगातार गिरते रहे। 27 के स्कोर पर अक्षर पटेल के डैरिल मिचेल को आउट करने के साथ ही न्यूजीलैंड का पूरा टॉप ऑर्डर पवेलियन लौट गया। फिर अनुभवी भारतीय स्पिनर रविचंद्रन अश्विन मध्य और निचले क्रम के बल्लेबाजों पर कहर बन कर बरपे। उन्होंने एक के बाद एक विकेट चटकाए और देखते ही देखते न्यूजीलैंड की टीम 62 रन पर ऑलआउट हो गई। हेनरी निकोल्स अश्विन का पहला शिकार बने, जिन्हें अश्विन ने क्लीन बोल्ड कर वापस ड्रेसिंग रूम भेजा। 31 के स्कोर पर गिरा न्यूजीलैंड का यह पांचवां विकेट था। इसके अश्विन ने टॉम ब्लंडेल, टिम साउदी और विलियम सोमरविल को पवेलियन का रास्ता दिखाया। इस तरह अश्विन ने चार विकेट चटकाए, जबकि सिराज ने तीन, अक्षर ने दो और जयंत यादव ने एक विकेट लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *