JAIPUR: राजस्थान में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है जहां युवक को मोबाइल का ऐसा एडिक्शन हुआ कि वह अपनी सुध-बुध तक खो चुका है। हालत यहां तक खराब हो गई है कि वह अब अपने घर वालों को तक नहीं पहचान रहा। युवक की उम्र 20 साल है। फिलहाल घरवालों ने उपचार के लिए उसे चुरु के अस्पताल में भर्ती कराया है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक 20 साल का अकरम बिजली बाइंडिंग का काम करता है। वह पिछले पांच दिन से सोया नहीं है। युवक के चाचा ने बताया कि पिछले एक महीने से वह अपना टाइम मोबाइल पर ज्यादा स्पेंड करने लगा था। कई बार तो ऐसा हो जाता था कि वह पूरी-पूरी रात मोबाइल पर लगा रहता था। उसकी लत इस कदर बढ़ गई थी कि उसने खाना-पीना तक छोड़ दिया था। अकरम की मां ने बताया कि जब वह उसे खाना देने जाती थीं तो वह खाने को बिस्तर पर गिरा देता था।
युवक की यह हालत देखने के बाद घरवाले परेशान हो उठे। वह उसे लेकर चुरू के अस्पताल पहुंचे। यहां पर मनोचिकित्सक अब अकरम का इलाज कर रहे हैं। डॉक्टरों ने उसका सिटी स्कैन कराया है और अब उसके हिसाब से युवक का इलाज किया जा रहा है। बता दें कि हाल के दिनों में मोबाइल की लत के केसेज बहुत तेजी से बढ़े हैं। इसको लेकर बड़े पैमाने पर अवेयरनेस भी फैलाई जा रही है। विशेषज्ञों का कहना है कि लोगों को एक निश्चित समय तक ही मोबाइल का इस्तेमाल करना चाहिए।