अमरावती में फिर से हिंसा भड़कने के बाद चार दिन का कर्फ्यू

अमरावती, महाराष्ट्र (Maharashtra) के अमरावती (Amravati) शहर में शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा कथित तौर पर आहूत बंद के दौरान भीड़ ने विभिन्न स्थानों पर पथराव किया और दुकानों को क्षतिग्रस्त कर दिया, जिसके बाद शहर में चार दिन के लिए कर्फ्यू लगाया दिया गया और इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई. पुलिस ने बताया कि बंद का आयोजन त्रिपुरा की सांप्रदायिक हिंसा के विरोध में अमरावती शहर में शुक्रवार को मुस्लिम संगठनों द्वारा आयोजित रैलियों के खिलाफ किया गया था. शहर की पुलिस आयुक्त आरती सिंह ने बताया कि शहर में इंटरनेट सेवाएं तीन दिनों तक बंद रहेगी ताकि अफवाहें फैलने से रोका जा सकें. इससे पहले लगाया गया कर्फ्यू चार दिनों तक जारी रहेगा. राज्य की राजधानी से लगभग 670 किलोमीटर दूर स्थित पूर्वी महाराष्ट्र के इस शहर के राजकमल चौक इलाके में शनिवार सुबह सैकड़ों लोग नारे लगाते हुए सड़कों पर निकल आए. इनमें से ढेर सारे लोगों के हाथों में भगवा झंडे थे. पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि भीड़ के कुछ सदस्यों ने राजकमल चौक इलाके तथा कुछ अन्य जगहों पर दुकानों पर पथराव किया और उन्हें क्षतिग्रस्त कर दिया. साथ ही उन्होंने बताया कि पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *