मालिक ने खुद ढूंढ लिया चोरी हुआ मोटरसाइकिल, आरोपितों की जमकर की धुनाई

जालंधर, (विशाल /रोजाना आजतक)-शेर सिंह कॉलोनी में शनिवार सुबह लोगों ने खुद ही मोटरसाइकिल चोरी करने वाले आरोपित काे पकड़ लिया। चोरों ने मोटरसाइकिल की नंबर प्लेट भी तोड़ दी थी, लेकिन फिर भी मालिक ने अपनी मोटरसाइकिल को पहचान लिया। इस दौरान लोगों ने चोरों की खूब धुनाई की। इसके बाद बस्ती बावा खेल थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों चोरों को हिरासत में लिया और अस्पताल में उनकी मलहम-पट्टी करा रही है। पुलिस का कहना है कि इसके बाद उनसे पूछताछ की जाएगी।शेर सिंह कॉलोनी में मौजूद लोगों के मुताबिक महाराजा गार्डन से कुछ दिन पहले मोटरसाइकिल चोरी हुआ था। पुलिस को शिकायत दी गई लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। जिसके बाद मोटरसाइकिल के मालिक ने खुद इनकी तलाश शुरू कर दी। उन्हें पता चला कि यह लोग शेर सिंह कॉलोनी के पुल के पास खड़े रहते हैं। शनिवार सुबह पहुंचे तो वहां चोर नजर आ गए और उसका मोटरसाइकिल भी।उन्होंने तुरंत इन चोरों पर धावा बोल दिया और आसपास के लोगों ने उनकी जमकर पिटाई की। एक चोर के सिर पर भी काफी चोट लगी है। शेर सिंह कॉलोनी में इससे पहले भी लोग झपटमार पकड़ चुके हैं। शहर में रोजाना झपटमारी व चोरी की वारदातें हो रही हैं। इसके बावजूद कमिश्नरेट पुलिस न इन्हें रोक पा रही है और न ही उन्हें पकड़ पा रही है। इससे पूरे शहर में दहशत फैली हुई है। खासकर, महिलाओं व अकेली लड़कियों को घर से निकलने में डर लगने जैसा माहौल बन गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *