जालंधर, (रोजाना आजतक)- जालंधर में गुरुवार को सार्वजनिक शौचालय पर विवाद सामने आया है। यहां शौचालयों की देखरेख कर रहे युवक ने एक और लड़के को डंडों से पीटकर घायल कर दिया। विवाद की वजह सिर्फ बकाया के 5 रुपए मांगने को लेकर हुई कहासुनी को बताया जा रहा है। इस घटना के बाद यहां लोगों की भीड़ जमा हो गई। वहीं सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस शौचालय की देखरेख कर रहे युवक को थाने ले गई।घटना बस्ती अड्डे के पास स्थित सार्वजनिक शौचालय की है। पीड़ित लड़के ने बताया कि उसने शौच जाने के लिए अंदर जाते वक्त देखरेख करने वाले युवक को 10 रुपए दिए थे। बाहर लौटने पर उसने 5 रुपए वापस मांगे तो सामने वाले ने डंडा उठाया और उसे बुरी तरह से पीटना शुरू कर दिया। उसकी टी-शर्ट भी फाड़ दी। घटना का पता लगने के बाद मौके पर जुटे लोगों ने बीच-बचाव किया।उधर इसी बीच सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची तो बताया जाता है कि शौचालय की देखरेख करने वाला नशे में धुत था। उसने कहा कि उसने किसी के साथ मारपीट नहीं की। लड़के ने खुद ही अपनी टी-शर्ट फाड़ी है, वहीं थाना डिविजन-2 के पुलिस कर्मचारियों ने कहा कि उन्होंने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। अब थाने ले जाकर कार्रवाई की जाएगी।