मुंबई. ‘गदर 2’ की टीम इन दिनों काफी उत्साहित है. फिल्म को दर्शकों का खूब प्यार मिल रहा है. सनी देओल और अमीषा पटेल की फिल्म बॉक्स ऑफिस कलेक्शन के भी नए रिकॉर्ड बना रही है. फिल्म की कहानी के साथ ही इसके गाने भी लोगों की जुबां पर एक बार फिर चढ़े हुए हैं. लेकिन फिल्म के पहले पार्ट से जुड़े म्यूजिक कम्पोजर उत्तम सिंह कुछ खफा हैं. दरअसल फिल्म में उनके संगीत का इस्तेमाल तो किया गया लेकिन उनसे इस विषय में बात नहीं की गई. इस कारण उत्तम सिंह का मेकर्स पर गुस्सा फूट पड़ा है.
अनिल शर्मा ने फिल्म ‘गदर’ का निर्देशन किया था और फिल्म का दूसरा पार्ट भी उन्होंने ही बनाया है. ‘गदर: एक प्रेमकथा’ 15 जून 2001 को रिलीज हुई थी. 18 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म ने 133 करोड़ से भी ज्यादा का बिजनेस किया था. अब फिल्म का दूसरा पार्ट बीती 11 अगस्त को रिलीज हुआ था और फिल्म को एक बार फिर दर्शकों के बीच प्यार मिल रहा है. ‘गदर’ के पहले पार्ट का संगीत भी खूब हिट हुआ था और इसका संगीत उत्तम सिंह ने दिया था.
फिल्म के दूसरे पाट ‘गदर: द कथा कंटीन्यू’ में भी इन दोनों गानों का प्रयोग किया गया है और प्रमोशन के दौरान सनी देओल इन पर थिरकते नजर आए थे. अब इन्हें लेकर उत्तम सिंह ने अपना दर्द बयां किया है. एक ताजा इंटरव्यू में उन्होंने कहा है, ‘उन्होंने मुझे ‘गदर 2′ के लिए कॉल नहीं किया. मेरी आदत नहीं है कि मैं कॉल करूं और काम मांगू. उन्होंने मेरे दो गानों को फिल्म में यूज किया है. फिल्म में मेरा तैयार किया गया बैकग्राउंड म्यूजिक भी इस्तेमाल किया गया है. उनमें इतनी तमीज तो होनी चाहिए थी कि मेरे गाने यूज करने से पहले कम से कम मुझसे एक बार पूछ लेते.’