फिल्लौर, पंजाब यूथ कांग्रेस के पूर्व प्रधान एवं फिल्लौर विधानसभा हलका इंचार्ज विक्रमजीत सिंह चौधरी ने शनिवार को सैफाबाद गांव में पंजाब सरकार की नई स्मार्ट राशन कार्ड मुहिम की शुरुआत की। उन्होंने यहां स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में इस स्कीम के लाभार्थियों को स्मार्ट कार्ड बांटे। इस अवसर पर संबोधित करते हुए विक्रमजीत चौधरी ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा गरीबों के हकों के लिए काम किया है और यह नई स्कीम भी राशन वितरण में पारदर्शिता बढ़ाने एवं दुरुपयोग को घटाने के लिए शुरू की गई है ताकि राशन बिना किसी अड़चन के हर लाभार्थी तक पहुंच सके। स्मार्ट कार्डों से लाभार्थी किसी भी डिपो से अपना राशन प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री डा. मनमोहन सिंह एवं कांग्रेस प्रधान सोनिया गांधी की अगुवाई में पूर्व यूपीए सरकार ने ऐतिहासिक राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा एक्ट 2013 पास किया था ताकि कोई भी देशवासी भूख न रह सके।उन्होंने कहा कि नई स्मार्ट कार्ड स्कीम इस कानून को अधिक प्रभावशाली ढंग से लागू करेगी। उन्होंने कहा कि योजना के तहत महिलाओं को परिवार की मुखिया के रूप में मान्यता देते हुए कार्ड जारी किए गए हैं। उन्होंने बताया कि फिल्लौर हलके में करीब 33 हजार लाभार्थियों को तुरंत स्मार्ट कार्ड मिलेंगे जबकि 3 हजार नए कार्ड जल्दी ही आ जाएंगे। उन्होंने कहा कि अगर कोई रह गया तो उसको भी जल्द ही कार्ड मुहैया करवाए जाएंगे। इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य सुरजीत सिंह पहलवान, हरमेश लाल, गुरप्रीत कौर, एसडीएम डा. विनीत कुमार, तहसीलदार तपन भनोट आदि उपस्थित थे